०100 पौवा देशी शराब और बलेनो कार समेत 3.08 लाख रुपये का माल जब्त, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
राजनांदगांव,13 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 पौवा देशी सुपर-36 प्लेन शराब और एक बलेनो कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3.08 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोंगरगांव निवासी लीलाशंकर यादव और अंकेश पटेल कार में अवैध शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।ुलिस टीम ने तिगाला पेट्रोल पंप, कुमरदा के पास घेराबंदी कर बलेनो कार (सीजी 08 एडब्ल्यू 5072) को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार से 100 पौवा छत्तीसगढ़ निर्मित देशी सुपर-36 प्लेन शराब (करीब दो पेटी) बरामद हुई। आरोपियों से शराब परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।पुलिस ने दोनों आरोपियों लीलाशंकर यादव (32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-6, डोंगरगांव तथा अंकेश पटेल (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-12, मटिया, डोंगरगांव को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया है। जब्त शराब की कीमत लगभग 8 हजार रुपये तथा कार की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उपनिरीक्षक अनिल यादव, पीएसआई सागर सिंह राजपूत, आरक्षक चन्द्रकांत सोनी एवं मोहन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

