०सरस्वती शिशु मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम, राहवीर योजना, गुड टच-बैड टच और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी
कांकेर,13 जुलाई (आरएनएस) । पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के हत सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर, गढ़पिछवाड़ी में सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 250 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल एवं योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह और प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में किया गया। इस दौरान यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक दीपक साव, यातायात पुलिस, महिला रक्षा टीम एवं साइबर टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
यातायात पुलिस ने प्रोजेक्टर और वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, ट्रैफिक संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम में राहवीर योजना की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में बिना देर किए घायल की मदद करने का संदेश दिया गया।
महिला रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल एवं महिला अपराध, व्यक्तिगत सुरक्षा, संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीके तथा अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग की जानकारी दी। टीम ने पुलिस कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की।
साइबर टीम ने डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा, फर्जी लिंक, एपीके (्रक्क्य) फाइलों और अन्य ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।5कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी साइबर ठगी, संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर देने तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में निकटतम पुलिस थाना या महिला हेल्पलाइन 9479155925 पर संपर्क करने का आग्रह किया है।

