०तमनार, छाल और खरसिया में ताबड़तोड़ दबिश, 5 आरोपी गिरफ्तार; सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 12 लोगों पर भी कार्रवाई
रायगढ,13 जुलाई (आरएनएस)़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ॉपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अलग-अलग मामलों में कुल 94 लीटर हाथ भ_ी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। तमनार, छाल और चौकी खरसिया क्षेत्र में की गई इन कार्रवाइयों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 12 लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
तमनार में दो कार्रवाई, 32 लीटर महुआ शराब जब्त
थाना तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बांधापाली में दबिश देकर मिनकेतन यादव (34) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 17 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी थाना क्षेत्र के ग्राम डोलेसरा उरांव मोहल्ला में दूसरी कार्रवाई के दौरान दिलबोध तिग्गा (26) को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
छाल पुलिस ने 35 लीटर शराब के साथ युवक को पकड़ा
थाना छाल पुलिस ने ग्राम खर्रा में दबिश देकर मार्शल धनवार (19) को अवैध महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 35 लीटर हाथ भ_ी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
खरसिया में लगातार दो रेड, 26 लीटर शराब जब्त
चौकी खरसिया पुलिस ने मालधक्का रेक प्वाइंट के पास अभियान चलाकर अजय साहू (43) को 12 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके कुछ ही देर बाद उसी क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई करते हुए रामजाने साहू (19) को 14 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ अभियान के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना तमनार क्षेत्र में 7, थाना छाल क्षेत्र में 3 तथा कोतरारोड़ क्षेत्र में 2 व्यक्तियों सहित कुल 12 लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज में अपराध और अव्यवस्था को बढ़ावा देने वाली ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
०००

