भोपाल 14 नवंबर (आरएनएस)। कमला नगर में होटल कर्मचारी की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी। बॉडी आज सुबह मृतक के नया बसेरा स्थित घर में बिस्तर पर मिली है। गले पर भी चाकू से वार किए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस का कहना है कि हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है।
थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह चौहान (36) नया बसेरा में रहता था और होटल में वेटर का काम करता था। गुरुवार की रात को ड्यूटी से लौटने के बाद खाने के बाद घर में सो गया था। उसकी पत्नी तीनों बेटियों के साथ मायके में रह रही है।
आठ साल का बेटा और पिता उसके साथ घर में रहते हैं। घटना के समय दोनों दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह पिता ने उठने के बाद बेटे के खून से सने शव को बिस्तर पर देखा और डायल 100 को सूचना दी। सूचना के बाद टीआई स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। हत्या किसने और क्यों की इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। पिता ने हत्या के संबंध में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। बेटे को किसने और कब घर में घुसकर मारा इस बात की जानकारी उन्हें नहीं है।

