नोएडा,15 नवंबर (आरएनएस)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने गौतमबुद्ध नगर भ्रमण के दौरान सोमवार देर शाम पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने गौतमबुद्ध नगर, विशेष रूप से जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर व्यापक चर्चा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए। ऊर्जा मंत्री ने साफ कहा कि अंतरराष्ट्रीय महत्व वाले जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में किसी भी स्थिति में विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 24म7 लगातार और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट, आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अनावश्यक शटडाउन किसी भी स्थिति में नहीं लिया जाएगा। यदि किसी विशेष परिस्थिति में शटडाउन आवश्यक हो, तो इसे केवल पूर्व सूचना के साथ ही लागू किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं और औद्योगिक इकाइयों को पहले से इसकी जानकारी मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की उत्पादन हानि या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बिजली आपूर्ति से जुड़े संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी की जाए और रखरखाव कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएँ।बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने नोएडा में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक कुशल एवं उपभोक्ता-हितैषी बनाने की दिशा में कई नए निर्देश दिए। उन्होंने घोषणा की कि नोएडा में विद्युत विभाग का एक अत्याधुनिक और नवीनतम कमर्शियल ऑफिस भवन निर्मित किया जाएगा, जिसमें सभी विभागीय अधिकारी एक ही परिसर में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय समन्वय में बढ़ोतरी होगी, फाइल निस्तारण में तेजी आएगी और उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और इसमें तकनीकी एवं प्रशासनिक इकाइयों को एकीकृत तरीके से संचालित किया जाएगा।ऊर्जा मंत्री ने विद्युत लाइनों के रखरखाव, ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि, मरम्मत कार्यों के समय पर निष्पादन, बिलिंग एवं राजस्व वसूली प्रणाली को मजबूत करने सहित कई तकनीकी निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता समस्याओं के समाधान में देरी या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। फील्ड स्तर के निरीक्षण को बढ़ाने, पारदर्शिता कायम रखने और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।इस महत्वपूर्ण बैठक में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता उच्च गुणवत्ता वाली बिजली सेवाएँ उपलब्ध कराना है और नोएडा व जेवर क्षेत्र विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

