लखनऊ,15 नवंबर (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार को पराजित कर यह साबित कर दिया है कि जनता अब भाजपा को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कई ऐसी सीटों पर हारी है, जिनके बारे में वह स्वयं भी कल्पना नहीं कर सकती थी। इसलिए बिहार की जीत को यूपी की जीत के बराबर बताना भाजपा का भ्रामक प्रचार है।शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर बेंगलुरु पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में भाजपा पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव में प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर परिणाम प्रभावित करने की कोशिश करती है। उत्तर प्रदेश में भी सरकार ने यही रणनीति अपनाई, लेकिन इसके बावजूद 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भाजपा के डबल इंजन को पटखनी दी।अखिलेश यादव ने स्वीकार किया कि 2019 के लोकसभा और 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन समाजवादी पार्टी ने हार से सीख लेते हुए अपनी मजबूती और संगठन को नए तरीके से खड़ा किया। इसी का परिणाम है कि 2024 में समाजवादी पार्टी बड़ी ताकत बनकर उभरी।बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हर चुनाव, चाहे हार हो या जीत, राजनीतिक दलों को सीख देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं और युवाओं को सम्मानजनक जीवन और नौकरी देने में पूरी तरह विफल है। भाजपा यह दावा तो करती है कि उसे महिलाओं का बड़ा समर्थन मिला, लेकिन यह नहीं बताती कि हर महिला को दस हजार रुपये कब तक दिए जाएंगे और यह योजना कितने समय तक चलेगी।उन्होंने कहा कि यूपी और बिहार के लोग बड़े पैमाने पर रोजग़ार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं, लेकिन भाजपा सरकार पलायन रोकने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं कर रही। सिर्फ चुनाव आते ही दस हजार रुपये देकर वोट हासिल कर लेना और बाद में अन्य राज्यों की तरह योजनाओं को रोक देना भाजपा की आदत बन चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा कि इसी तरह की स्थिति बिहार में भी देखने को मिलेगी।अखिलेश यादव के बेंगलुरु दौरे के दौरान दिए गए इन बयानो ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है और आगामी राजनीतिक समीकरणों पर गहरा प्रभाव डालते नजर आ रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

