मेरठ,15 नवंबर (आरएनएस)। मेरठ में सरधना थाना पुलिस और एसओजी टीम ने शुक्रवार को पिठलोकर गांव में छापेमारी करते हुए अवैध हथियारों की फैक्टरी का पर्दाफाश किया। यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। फैक्टरी से लोहे, धारदार हथियार और अन्य असलहे बड़ी मात्रा में मिले। छापे के दौरान कुछ लोग भागने की कोशिश करते हुए पकड़े गए। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
काफी समय से संचालित हो रही थी फैक्टरी
सूत्रों के मुताबिक, पिठलोकर गांव में यह फैक्ट्री लंबे समय से सक्रिय थी और आसपास के जिलों में हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब सप्लाई चेन और नेटवर्क की पूरी पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि अवैध हथियार बनाने में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई निश्चित है।
मुजफ्फरनगर सीमा तक सप्लाई के संकेत
पिठलोकर गांव मुजफ्फरनगर जिले की सीमा से लगा है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी जंगल मार्ग से हथियारों की सप्लाई करते थे। इस एंगल पर कई दिनों से निगरानी की जा रही थी।
मुल्हेड़ा पुलिस चौकी और खुफिया विभाग की सतर्कता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी। पुलिस फिलहाल जांच का हवाला देकर गहन विवरण साझा करने से बच रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

