हरे वृक्षों की अवैध कटान से क्षेत्रवासी चिंतित
सुल्तानपुर 16 नवंबर (आरएनएस )। बल्दीराय तहसील क्षेत्र में वन विभाग की लापरवाही और वन दरोगा की कथित मिलीभगत से बड़े पैमाने पर हरे वृक्षों की अवैध कटान का खेल जारी है। क्षेत्र में खुलेआम हरी लकड़ी की ढुलाई हो रही है, लेकिन वन दरोगा साहब सब देखते हुए भी मौन बने हुए हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार वन कर्मचारी और वन दरोगा की सेंटिंग के चलते डोभियारा, पारा, दरियापुर, इसौली सहित कई गांवों में रातों-रात हरे पेड़ों पर आरा चलता है। कटान के बाद वन माफियाओं से अवैध वसूली किए जाने का भी आरोप है। ग्रामीण बताते हैं कि क्षेत्र में आए दिन हरी लकड़ी से लदी ट्रॉलियाँ गुजऱती दिख रही हैं,लेकिन विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। वन दरोगा की निष्क्रियता के चलते अवैध लकड़ी कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।सूत्रों के अनुसार कुछ धर्मकांटा संचालक भी प्रतिबंधित लकड़ी खरीदकर अन्य जनपदों में भेज रहे हैं,जिससे वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है।शिकायतों के बावजूद पूरा महकमा अनजान बना हुआ है,जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

