सुल्तानपुर 16 नवंबर (आरएनएस )। गुडग़ांव स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत मुरादाबाद निवासी युवती ने अपने सहकर्मी पर चार वर्षों तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपी युवक की पहचान धनपतगंज थाना क्षेत्र के बलदन पांडे का पूरा गांव निवासी श्रीराम पुत्र ह्रदय राम के रूप में हुई है। पीडि़ता के अनुसार वह और आरोपी एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। इस दौरान युवक ने शादी का भरोसा दिलाते हुए वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी उसे बहला-फुसलाकर 50 हजार रुपये उधार लेकर फरार हो गया। पीडि़ता का कहना है कि संपर्क करने की कोशिश पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर फोन कट कर दिया और बाद में कॉल उठाना भी बंद कर दिया। न्याय की तलाश में जब वह आरोपी के घर पहुंची तो परिजनों ने भी धमकियां देकर उसे भगा दिया। स्थानीय थाने में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होने से आहत युवती ने अब पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि न्याय मिलने तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

