ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस
सुल्तानपुर 16 नवंबर (आरएनएस )। विकास खंड बल्दीराय की ग्राम पंचायत सिंघनी में विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं का पर्दाफाश हुआ है। जिलाधिकारी ने गंभीर आरोपों की पुष्टि होने पर ग्राम प्रधान विकास यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।ग्रामीण प्रवीण कुमार सिंह की शपथपत्रयुक्त शिकायत के आधार पर हुई जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ग्राम प्रधान ने मनरेगा मजदूरी मद से ?3,53,105 राशि अपने ही भाई के खाते में ट्रांसफर कराई थी। डीएम के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी को जांच अधिकारी बनाया गया। जांच में इंटरलॉकिंग, खड़ंजा मरम्मत, शौचालय मरम्मत, विद्यालय गेट निर्माण, चबूतरा, सीसी रोड समेत कई कार्यों में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने ग्राम प्रधान से जवाब तलब किया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि आवश्यक जवाब न मिलने पर प्रधान पद से संबंधित सभी वित्तीय, प्रशासनिक एवं क्रियात्मक अधिकारों पर रोक लगाई जाएगी।नोटिस जारी होते ही ग्राम पंचायत में हड़कंप मचा हुआ है और ग्रामीणों में इस कार्रवाई को लेकर व्यापक चर्चा बनी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

