जौनपुर १६ नवंबर (आरएनएस )। अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश तथा महानिदेशक वेंकटेश्वर लू अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि डॉ. संजय चतुर्वेदी, इस्कॉन परिवार के दिव्य नितायी दास तथा जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, अपर जिलाधिकारी वि०ध्रा० राम अक्षयबर चौहान सहित अन्य की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में “कर्मयोग, मद्य निषेध एवं विकसित भारत विषय पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनजागरण, नशा-मुक्ति, सामाजिक सुधार तथा विकसित भारत अभियान के संदर्भ में मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रदेश में जनजातीय समाज को मुख्य धारा में जोडऩे, सामाजिक समरसता स्थापित करने तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब संकीर्णता समाप्त हो, आपसी सद्भाव बढ़े और विविधता में एकता के सिद्धांत को आत्मसात किया जाए। विभिन्न विभागों एवं समाज के सभी वर्गों के बीच कन्वर्जेन्स (समन्वय) विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। मुख्य अतिथि ने कर्मयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्म ही पूजा है, कर्म से ही राष्ट्र व समाज का विकास संभव है। सेवा-भाव, निस्वार्थ कर्म तथा सद्भावना समाज को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है। काम, क्रोध और लोभ को मानव जीवन का पतनकारी बताया तथा इनसे दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर भक्ति और देशभक्ति का आधार प्रेम है। जब कर्म में सेवा और समर्पण का भाव होता है, वही यज्ञ बन जाता है और वही समाज एवं व्यक्ति दोनों को ऊपर उठाता है। उन्होंने यह भी बताया कि सत्य, अनुशासन, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति वास्तविक आनंद प्राप्त कर सकता है। लोभ, अनैतिकता और स्वार्थ से व्यक्ति का आंतरिक संतुलन नष्ट हो जाता है जिससे नैतिक एवं शारीरिक दोनों प्रकार की हानि होती है।उन्होंने उपस्थित सभी प्राचार्यों, शिक्षकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं समस्त नागरिकों से अपील की कि वे समर्थ पोर्टल पर अपने मूल्यवान सुझाव अवश्य दर्ज करें। उन्होंने कहा कि आपके सुझाव विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त एवं परिणामकारी बनाएंगे। गोष्ठी के प्रतिनिधि अखिल विश्व डॉ० संजय चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गायत्री परिवार केवल एक संस्था नहीं, बल्कि संस्कारवान मानव निर्माण का वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि समाज में नैतिकता, सद्भाव एवं सेवा भावना जगाने का कार्य यह संगठन निरंतर कर रहा है। इस अवसर पर अधिकारीगण, बेसिक माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्राचार्य शिक्षकगण, छात्र सहित अन्य उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

