लखनऊ 15 नवंबर (आरएनएस ) के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ रामगढा में शुक्रवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना परिजनों की ओर से डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची और घटना की जांच शुरू की।सूचना के अनुसार, 15 नवम्बर 2025 को करीब 21:15 बजे मृतका की बेटी मुस्कान ने पुलिस को बताया कि उसकी मां माधुरी, उम्र लगभग 41 वर्ष, की उसके पिता राजाराम गौतम ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची और परिजनों से पूछताछ की। प्राथमिक जाँच में यह जानकारी सामने आई कि मृतका पिछले तीन–चार दिनों से बीमार थी और पति राजाराम उसका इलाज करवा रहा था। बताया गया कि मृतका शुगर और ब्लड प्रेशर की मरीज थीं और स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था।परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि 15 नवम्बर को राजाराम माधुरी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि मृतका की बेटी ने पिता पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में लिया और परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।माधुरी की शादी करीब 20 वर्ष पहले हुई थी। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी की उम्र लगभग 17 वर्ष बताई गई है। परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की वास्तविक परिस्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे प्रकरण को संदिग्ध मानते हुए गहन जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

