लेखपाल ने 6 पर एफआईआर दर्ज कराई
प्रयागराज 16 नवंबर (आरएनएस )। प्रयागराज के पूरामुफ्ती में माफिया के करीबियों ने पोंगहट गांव में जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा किया है। छह लोगों ने अपने हिस्से से अधिक करीब सात हजार वर्ग मीटर जमीन बेच दी। बड़ी बात यह है कि प्राइवेट ही नहीं बल्कि उन्होंने सरकारी जमीनों को भी अपनी बताकर दूसरों के नाम पर रजिस्ट्री कर दी। इस मामले में लेखपाल सुधीर कुमार ने सभी छह लोगों पर एफआईआर दर्ज करा दी है।
लेखपाल की ओर से बताया गया कि यह फर्जीवाड़ा आराजी संख्या 344 में हुई जिसका रकबा 1.929 हेक्टेयर है। इसमें छह लोगों ने अपने वास्तविक स्वामित्व से अधिक भूमि बैनामा के माध्यम से विभिन्न व्यक्तियों को बेच दी। जमीनों की बिक्री 2005 से 2020 के बीच अलग-अलग दिन की गई।
लेखपाल के अनुसार जसीम अहमद, विकास सिंह एवं अमित कुमार शुक्ला पर 3173.81 वर्गमीटर भूमि की बिक्री का आरोप है जबकि उनके वास्तविक हिस्से के सापेक्ष 773.81 वर्गमीटर अतिरिक्त भूमि बेचे जाने का आरोप है। इसी प्रकार प्रमोद कुमार केशरवानी न अपने हिस्से के 4910 वर्गमीटर के बदले 7214.47 वर्गमीटर भूमि बेचने का आरोप, यानी 2304.47 वर्गमीटर अधिक बिक्री कर दी। वकार अहमद पर अपने हिस्से से 294.82 वर्गमीटर अतिरिक्त भूमि बेचने का आरोप है जबकि अरविंद कुमार केशरवानी ने अपने हिस्से 4910 वर्गमीटर के सापेक्ष 8634.87 वर्गमीटर भूमि बेचने का गंभीर आरोप, यानी 3724.87 वर्गमीटर अधिक बिक्री कर दिया।
जिन लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है, उनमें जसीम माफिया अतीक अहमद के करीबी रहे जैद खालिद का सगा भाई है। उसके भाई जैद खालिद पर पिछले महीने ही पूरामुफ्ती थाने में छह अन्य लोगों समेत एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोप है कि उसने एटीएस और ईवीएम गोदाम के लिए आरक्षित की गई जमीन पर कब्जा कर उसे बेच दिया। जैद ने 2019 में अतीक पर खुद को अगवा कर देवरिया जेल में बुलवाने व पिटाई करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

