10 नवंबर को कैंट से गायब हुई थी, परिजनों ने रात में की शिनाख्त
प्रयागराज 16 नवंबर (आरएनएस )। थरवई थाना क्षेत्र में जमीन में दफन मिली किशोरी की लाश की पहचान हो गई है। 17 वर्षीय मृतका इंटर की छात्रा थी, जो मूल रूप से सोरांव के इस्माइलगंज की रहने वाली थी और फिलहाल शहर के कैंट इलाके में अपने फूफा के घर पर रहती थी। वह जीजीआईसी कटरा में इंटर की छात्रा थी।
परिजनों के मुताबिक, युवती 10 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। देर शाम तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने स्कूल जाकर पूछताछ की, जहां पता चला कि वह उस दिन स्कूल आई ही नहीं। इसके बाद कैंट पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी और उसकी तलाश जारी थी। थरवई में शनिवार को कुत्तों द्वारा मिट्टी खोदे जाने पर युवती का शव जमीन में दफन हालत में मिला था। चेहरे पर गहरे घाव, पैर दुपट्टे से बंधे होने और कुछ हिस्सों के सडऩे के कारण पहचान मुश्किल थी। पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच जारी है। किशोरी से रेप की भी शक जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शहर और गंगापार दोनों क्षेत्रों की एसओजी टीमों को जांच में लगाया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पीडि़ता थरवई क्षेत्र तक कैसे पहुंची और उसकी हत्या कहां की गई। डीसीपी गंगापार कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि शव मिलने के बाद पूरे शहर के थानों से गुमशुदगी की जानकारी मैच कराई गई, जिसमें कैंट की रिपोर्ट से डिटेल्स मेल होने पर परिवार को बुलाया गया। उन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। अब जांच कैंट पुलिस की गुमशुदगी केस डायरी के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

