देश-विदेश से आए पुरा छात्रों ने किया संगम स्नान, स्टेज पर मचाया धमाल
प्रयागराज 16 नवंबर (आरएनएस )। एमएनएनआईटी में ग्लोबल एलुमिनाई कन्वेंशन- 2025 के दूसरे दिन की शुरुआत त्रिवेणी संगम के पावन दर्शन से हुई, जहां पुरा छात्रों ने संगम में स्नान किया। इसके बाद सभी ने छात्रावास के मेस में पारंपरिक नाश्ता किया, जिससे उन्हें अपने छात्र जीवन की पुरानी यादों को फिर से जीने का अवसर मिला। इसके बाद छात्रावासों में भी गए जहां पुराने परिचित गलियारों और कमरों को देखकर पूर्व छात्र एक बार फिर अपने सुनहरे दिनों में लौटते दिखे।
यहां पुरा छात्रों ने एमएनएनआईटी के छात्रों के लिए अपना खजाना खोल दिया। ई. विजय वाधवान ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए अपनी छात्रवृत्ति निधि में 10 लाख की वृद्धि करते हुए कुल योगदान 25 लाख कर दिया और इसे बढ़ाकर 1 करोड़ तक ले जाने का संकल्प लिया। सिल्वर जुबली बैच के डॉ. विवेक गर्ग ने 25 लाख की कोष राशि से अगले पांच वर्षों तक मेधावी और मेधा-आधारित छात्रवृत्तियां प्रदान करने के लिए समझौता किया। वहीं, उसी बैच के ई. ज्योति प्रकाश भट्ट, जो अमेरिका स्थित इम्पैक्ट क्यूए के स्वामी हैं, ने प्रतिवर्ष 5 से 10 छात्रों को रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की।
समापन प्रो. अभिनव कुमार दुबे के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ, जिसमें उन्होंने पूर्व छात्रों के उत्साह, योगदान और संस्थान के प्रति उनके अटूट भावनात्मक संबंध के लिए आभार व्यक्त किया।
बाक्स
इन्हें किया गया सम्मानित
प्रयागराज। पुरस्कार समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। वाइस एडमिरल अशोक कुमार कालरा (से.नि.) को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। यंग अचीवर अवॉर्ड ई. सृष्टि सिंह और ई. प्रशांत गाजीपुर को प्राप्त हुआ। प्रोफेशनल एक्सीलेंस के लिए ई. शरद महेंद्र, ई. अमिताभ और डॉ. भारत राज सिंह को सम्मानित किया गया। उद्यमिता और नवाचार श्रेणी में ई. कुलदीप त्यागी को सम्मान प्रदान किया गया, जबकि अल्मा मेटर और समाज सेवा श्रेणी में ई. विजय वाधवान को उनके निरंतर योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

