मोदीपुरम 17 नवंबर (आरएनएस ) मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित गावड़ी गांव में ग्रामीणों ने नगर निगम के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन गांव के कूड़ा प्लांट पर खुले में कूड़ा डालने के कारण फैल रही बीमारियों को लेकर किया गया। ग्रामीणों ने गांवड़ी गांव स्थित स्कूल के सामने टेंट लगाकर विरोध जताया और कूड़ा लेकर आ रही गाडिय़ों को वापस भेज दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जब तक नगर आयुक्त मौके पर नहीं आएंगे, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2011 में नगर निगम के साथ एक समझौता हुआ था, जिसके तहत यहां एक कूड़ा स्क्रैप प्लांट बनना था। इसका उद्देश्य कूड़े को संसाधित करना था ताकि गंदगी और बदबू न फैले।
हालांकि, वर्तमान में स्थिति यह है कि लोहिया नगर से भी कूड़ा लाकर गावड़ी गांव के प्लांट पर खुले में डाल दिया जाता है। इसके कारण गांव में गंभीर बीमारियां फैल रही हैं, जिनमें कैंसर और टीबी जैसी बीमारियां शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के 90 प्रतिशत बुजुर्ग इन बीमारियों की चपेट में हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में निगम अधिकारियों से कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। सोमवार को सभी ग्रामीणों के सहयोग से यह धरना प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम द्वारा खुले में कूड़ा फेंकना बंद नहीं किया गया, तो वे एक बड़ा आंदोलन करेंगे। मौके पर नगर निगम की कूड़ा गाडिय़ां खड़ी हैं, लेकिन ग्रामीण केवल नगर आयुक्त से ही बात करने पर अड़े हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

