पटना ,17 जून(आरएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी बताया. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने सुरक्षा, विकास, गरीबी उन्मूलन, कृषि, बुनियादी ढांचे और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.
पीएम मोदी के अथक परिश्रम और विजन की सराहना करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने भावुक अंदाज में कहा कि नरेंद्र मोदी देश के लिए भगवान का वरदान हैं, जिनके नेतृत्व में भारत आज वैश्विक पटल पर एक महाशक्ति बनकर उभर रहा है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की स्थिति अलग थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई दिशा और नई पहचान प्राप्त की है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं किया जाता.
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि देश में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई है और नक्सलवाद भी अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है. उन्होंने कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित हुई हैं.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति अपनाई है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आतंकवाद को करारा जवाब दिया गया और नक्सलवाद की गतिविधियों में भी भारी कमी आई है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार ने हमेशा मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया है और देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है.
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने में सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है. सरकार ने गरीबों के लिए आवास, स्वास्थ्य, बैंकिंग और खाद्यान्न सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए हैं.
केंद्रीय मंत्री के अनुसार- 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया. 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला. 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया. दुनिया की सबसे बड़ी खाद्यान्न सुरक्षा योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गईं. उन्होंने दावा किया कि देश में एक करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदीÓ बनी हैं. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का असर लिंगानुपात में भी दिखाई दिया है और इसमें सुधार दर्ज किया गया है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के दौरान डिजिटल क्रांति ने देश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है. उन्होंने कहा कि— करोड़ों जनधन खाते खोले गए. यूपीआई लेनदेन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई. स्वरोजगार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिला. भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से मजबूत स्थिति में पहुंचा है.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले भारत रक्षा उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब देश रक्षा उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है. उन्होंने बताया कि भारत का रक्षा निर्यात बढ़कर हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. इसके साथ ही देश में सेमीकंडक्टर और चिप निर्माण जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में भी तेजी से काम हो रहा है.
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और उर्वरक सब्सिडी जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को कम कीमत पर यूरिया उपलब्ध करा रही है और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.
बिहार में मनरेगा भुगतान को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 30 जून से पहले राज्य के मनरेगा मजदूरों का बकाया भुगतान कर दिया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार मजदूरों और किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
००

