जौनपुर 17 नवंबर (आरएनएस )। जफराबाद थाना क्षेत्र में एक महिला ने दबंग ग्रामीणों पर मारपीट, गाली-गलौज और घर में जबरन घुसकर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़ता माला मौर्या का कहना है कि स्थानीय पुलिस विपक्षी पक्ष के दबाव में उनकी एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। माला मौर्या के अनुसार, यह घटना 15 नवंबर को दोपहर सादात मसौड़ा गांव में हुई। उन्होंने बताया कि गांव के रमेश सोनी, राकेश, मिथिलेश, सतीश, अमन और आशा देवी सहित कई लोगों ने लाठी-डंडों से उनके परिवार पर हमला किया। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि हमलावर उनके घर में घुस आए और उन्हें व उनके परिवार के सदस्यों को पीटा। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने इस गंभीर मामले में उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की और न ही उनकी एफआईआर दर्ज की। उनका दावा है कि पुलिस विपक्षी पक्ष के प्रभाव में काम कर रही है।
न्याय न मिलने पर माला मौर्या ने जौनपुर के पुलिस अधीक्षक को एक प्रार्थना-पत्र सौंपा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। माला मौर्या के साथ खुशी मौर्या और रंजना मौर्या ने भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

