हरिद्वार,19 नवंबर (आरएनएस)। उपनगरी ज्वालापुर के कटहरा बाजार क्षेत्र में बुधवार को ऊर्जा निगम की निर्धारित बिजली कटौती से करीब 10 हजार की आबादी प्रभावित रही। दोपहर में करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों के दैनिक और जरूरी कार्य बाधित हो गए। महिलाओं के घरेलू कामकाज प्रभावित हुए, वहीं पानी की कमी के चलते लोगों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़े। ऊर्जा निगम की टीम ने उपकेंद्र ज्वालापुर की द्वितीय सब-डिविजन के अंतर्गत आने वाले कड़च्छ उपसंस्थान क्षेत्र में मरम्मत कार्य किया। इस दौरान कटहरा बाजार की गुरुद्वारा रोड पर क्षतिग्रस्त कई विद्युत पोलों को बदला गया। मरम्मत कार्य के लिए सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जबकि कार्य पूरा होने पर शाम करीब 6 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली कटौती के चलते कटहरा बाजार, गुरुद्वारा रोड, मोहल्ला मेहतान, लोधामंडी, कोटरवान, तेलियान आदि क्षेत्रों में लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। शाम को बिजली आने के बाद लोगों ने राहत महसूस की। ईई रवि कुमार ने बताया कि प्रथम और द्वितीय डिविजन में क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को बदलने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि पुराने एवं क्षतिग्रस्त पोल हादसे का कारण बन सकते थे, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से इन्हें बदलना आवश्यक था। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली कटौती की जानकारी उपभोक्ताओं को पहले ही दे दी गई थी, ताकि लोग तैयार रह सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

