हरिद्वार,19 नवंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में सरकारी और पंचायत भूमि पर हुए अवैध कब्ज़ों के खिलाफ अभियान तेजी से जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम श्यामपुर में कार्रवाई करते हुए पंचायत की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। श्यामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने लगभग एक वर्ष पूर्व कुछ स्थानीय व्यक्तियों ने पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से नींव भरकर कब्ज़ा कर लिया था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद राजस्व विभाग द्वारा स्थल का सत्यापन कराया गया, जिसमें यह भूमि पंचायत की ही पाई गई। बुधवार को कानूनगो अजय कपिल और हल्का लेखपाल हरेंद्र रावत के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से अवैध नींव को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रही। कानूनगो अजय कपिल ने बताया कि क्षेत्र में इससे पहले भी कई सरकारी तथा पंचायत भूमियों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार ऐसे मामलों की निगरानी कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी संपत्ति पर अवैध निर्माण या कब्ज़ा न हो सके। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायत भूमि पर अवैध कब्ज़ों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की इस सख़्त पहल से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

