प्रयागराज,22 नवंबर (आरएनएस)। फतेहपुर जिले के थाना औंग पर पीआरवी ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल रमेश सिंह (57) की शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मूल रूप से बिहार फतेहपुर के रहने वाले रमेश सिंह शांतिपुरम, फाफामऊ में परिवार के साथ रहते थे। छुट्टी के बाद घर लौटते समय नवाबगंज क्षेत्र में यह हादसा हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे रमेश सिंह बाइक से फाफामऊ लौट रहे थे। जैसे ही वह श्रृंगवेरपुर मोड़ पहुंचे, तभी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत कौडि़हार सीएचसी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। वहां से रमेश सिंह की सरकारी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद कर कब्जे में ले लिए गए। हादसे के बाद शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रमेश सिंह अपने पीछे पत्नी और एकमात्र बेटे राघवेंद्र को छोड़ गए हैं। राघवेंद्र ने नवाबगंज थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। नवाबगंज पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना किसी तेज रफ्तार ट्रक या पिकअप से हुई होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

