चित्रकूट 31 मार्च (आरएनएस)। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा के निर्देशानुसार जनपद में संचालित दो उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहाड़ी एवं मऊ में बालिका छात्रावासों की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। छात्राओं के आवासीय जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से छात्रावासों के लिए नवीन फर्नीचर सामग्री का क्रय एवं उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
इस पहल के अंतर्गत 40 डायनिंग टेबल, 40 डायनिंग बेंच, 200 छात्राओ के अध्ययन के लिए 200 मेज, 200 कुर्सियां तथा विश्राम के लिए 200 बेड जैसी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था की गई है। जिससे छात्राओं को एक बेहतर एवं सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण प्राप्त हो सके। यह व्यवस्था छात्राओं की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की गई है। ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे पूर्ण रूप से अपने अध्ययन एवं व्यक्तित्व विकास पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
इस महत्वपूर्ण पहल से इन दोनों उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 200 छात्राएं प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगी। नवीन फर्नीचर की उपलब्धता से छात्राओं की दिनचर्या अधिक सुव्यवस्थित एवं सहज होगी। बेहतर बैठने, पढऩे एवं विश्राम की व्यवस्था से उनके शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं अध्ययन क्षमता में सकारात्मक वृद्धि होगी। विद्यालयों में छात्रावास सुविधाओं के सुदृढ़ होने से न केवल छात्राओं के जीवन स्तर में सुधार आएगा। बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना भी विकसित होगी। यह पहल बालिकाओं के लिए एक अनुकूल, प्रेरणादायक एवं संसाधनयुक्त शैक्षिक वातावरण तैयार करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

