सड़क पर बिखरी लाशें
यह पूरा मामला रहली थाना के ग्राम अनंतपुरा का है। जानकारी के अनुसार, रहली के अनंतपुरा के पास ये चारों लड़के सड़क किनारे खड़े हुए थे। तभी बस ने अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार, युवक अनंतपुरा गांव से सिमरिया हर्राखेड़ा की ओर जा रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़े हो गए। बस सिमरिया से होते हुए दमोह जा रही थी।
इस हादसे में शिवम पिता रामचरण पाल (18), सत्यम पिता रामचरण पाल (17), प्राशू उर्फ प्रशांत पिता खुमान पाल (14) और उमेश पिता चेतू पाल (16) की मौत हो गई। प्रशांत अपने परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी एक बहन है। उमेश दो भाईयों में छोटा था। हादसे की सूचना मिलते ही देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। विधायक पटेरिया ने बताया कि वे बंडा में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन घटना की खबर मिलते ही वही से लौटकर मौके पर पहुंच गए।
विधायक ने कहा कि एक ही परिवार के चार बच्चों की दर्दनाक मौत बेहद दुखद है। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की मांग भी की है। मृतकों के चाचा भगवानदास ने बताया कि भैंसों की तलाश करने भतीजे घर से निकले थे। वे खेत के बाहर रोड किनारे खड़ी बाइक के पास आकर खड़े हो गए। यहां वह आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। इसके बाद भाई रामचरण ने पुलिस को सूचना दी।

