जालंधर 24 Nov, (Rns)- हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. राजेश शर्मा ने कहा कि वह कांग्रेस की विचारधारा को शिक्षा के माध्यम से बच्चों तक पहुँचाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि पंडित जवाहर लाल नेहरू अपने आप में एक महान संस्थान हैं और आज के समय में बच्चों को उनकी सोच और फिलॉसफी से परिचित कराना बहुत ज़रूरी है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से शिक्षा बोर्ड ने “द विज़नरी” नामक किताब तैयार की है, जिसका विमोचन बाल दिवस पर किया गया। इस किताब के माध्यम से नेहरू जी का विज़न बच्चों तक पहुँचाने की कोशिश की जा रही है। डा. राजेश शर्मा ने कहा कि नेहरू जी जैसी शख्सियत के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपनी बात खुलकर रख पा रहे हैं। एक कांग्रेस कार्यकर्ता और शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन होने के नाते उनका दायित्व है कि कांग्रेस की सोच और विचारधारा को सकारात्मक रूप से बच्चों तक पहुँचाया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षा बोर्ड में पारदर्शिता बढ़ाने का काम भी लगातार किया जा रहा है। डा. शर्मा ने बताया कि “द विज़नरी” किताब को हर स्कूल के बच्चे तक पहुँचाने की योजना है, ताकि नई पीढ़ी नेहरू जी के विचारों को समझ सके।

