नईदिल्ली, 24 नवंबर। गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने अपनी स्थिती बेहद मजबूत कर ली है। टीम ने पहली पारी में 489 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम की पारी सिर्फ 201 रन पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर तेम्बा बावुमा की टीम ने 288 रनों की बढ़त ले ली है। भारतीय टीम का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। ऐसे में आइए भारत की पारी पर नजर डालते हैं।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने 65 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, इसके बाद टीम के लगातार विकेट गिरते रहे। यशस्वी ने भारतीय पारी का एकमात्र अर्धशतक (58) लगाया। वाशिंगटन सुंदर (48) और कुलदीप यादव (19) ने 208 गेंदों में 72 रनों की अच्छी साझेदारी निभाई। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसन ने घातक गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 6 विकेट चटकाए। साइमन हार्मर के खाते में 3 विकेट आए।
यशस्वी ने 97 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 59.79 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 13वां और प्रोटियाज टीम के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक 28 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 52 पारियों में 49.96 की औसत के साथ 2,498 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 6 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214* रन रहा है।
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 489 रन पर समाप्त हुई थी। दूसरे दिन सेनुरन मुथुसामी (109) और यानसन (93) ने शानदार पारियां खेलकर अपनी टीम को इतने बड़े स्कोर तक ले गए थे। पहले विकेट के लिए एडेन मार्करम और रयान रिकेल्टन ने 161 गेंद में 82 रन जोड़े थे। मुथुसामी के टेस्ट करियर का यह पहला शतक था। यानसन ने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे।
यानसन ने बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों का सामना किया और 93 रन बनाए। ये उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इसके बाद उन्होंने 19.5 ओवर गेंदबाजी की और 5 मेडन के साथ 48 रन देकर 6 विकेट चटकाए। ये उनके टेस्ट करियर का चौथा 5 विकेट हॉल रहा। भारत के खिलाफ इस खिलाड़ी ने पहली बार 5 विकेट हॉल लिया है। अपनी शानदार शॉट गेंदों से यानसन ने भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

