बिलासपुर/26 नवम्बर 2025(आरएनएस) शहरी और समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाने और कनेक्टिविटी को मजबूत करने जल्द ही पांच सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। राज्य सरकार से इनके लिए मंजूरी मिल चुकी है। पांच सड़क निर्माण परियोजनाओं की लागत लगभग 20 करोड़ रुपये से अधिक है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल शहर के अंदरूनी मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा, बल्कि आस-पास के क्षेत्रों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा इन सड़कों के निर्माण जल्द शुरू होने की जानकारी अधिकारी दे रहे हैं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बनने वाली इन पांचों सड़कों का कुल लम्बाई लगभग 10.50 किलोमीटर है, जिसका निर्माण 20 करोड़ 17 लाख रुपये की अनुमानित लागत से किया जाना है। इनमें सबसे बड़ी और महंगी परियोजना हिरीं से बिल्हा 3.80 किमी की सड़क है, जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सड़क ग्रामीण कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी और दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को बेहतर करेगी। शहर के अंदरूनी हिस्सों में, गांधी चौक से तारबाहर 2.52 करोड़ और बिलासपुर से तारबाहर होते हुए नगपुरा 1.30
करोड़ की बनने वाली सड़कों से सबसे ज्यादा लाभ शहरवासियों को मिलेगा। इन मार्गों पर शाम के समय भारी जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब इन सड़कों के बनने से इस समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

