जांजगीर-चांपा, 26 नवम्बर 2025(आरएनएस ) जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी परियोजनाओं को निर्धारित गुणवत्ता व समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, 15वें वित्त आयोग, जिला व जनपद पंचायत विकास निधि, मुख्यमंत्री आंतरिक विद्युतीकरण योजना तथा डीपीआरसी प्रशिक्षण समेत प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और जन-सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए मैदानी अमला गांवों में नियमित भ्रमण कर स्थलों का निरीक्षण करे। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत नए आवासों की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित कर दी गई है। सीईओ ने निर्देश दिए कि आवास निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो और जिन आवासों का निर्माण प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। इसके लिए मस्टर रोल जारी करने, मैदानी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मनरेगा के तहत अनुमोदित कार्यों, मजदूरी भुगतान, सामाजिक अंकेक्षण और परिसंपत्तियों के संरक्षण की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने लंबित मस्टर रोल, मजदूरी और सामग्री भुगतान में देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित सामाजिक अंकेक्षण मामलों के त्वरित निराकरण, जल संरक्षण, नाला मरम्मत, खेत-तालाब, वृक्षारोपण और एनआरएम कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराएं और निर्मित परिसंपत्तियों का सतत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्राम पंचायत भवनों में क्यूआर कोड लगाने, युक्तधारा पोर्टल में लक्ष्य अनुसार कार्य स्वीकृति, एनआरएम एवं कृषि श्रेणी के कार्यों में निर्धारित व्यय सुनिश्चित करने और ईएमबी के माध्यम से समयबद्ध मूल्यांकन-सत्यापन तथा एरिया ऑफिसर ऐप में आवास व मनरेगा कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अमृत सरोवरों को ग्रामीण आजीविका संवर्धन का साधन बनाने पर विशेष बल दिया गया। सीईओ ने कहा कि ग्रामीणों को मत्स्य पालन हेतु प्रेरित कर सरोवरों में मत्स्य बीज डालने की प्रक्रिया मत्स्य विभाग के सहयोग से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हितग्राहियों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोखता गड्ढा निर्माण के लिए प्रोत्साहित करने तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्यों की पूर्ति और लाभार्थियों को सशक्त बनाने के लिए सतत निगरानी और तेज क्रियान्वयन जारी है। बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा ईई, एसडीईओ, जनपद पंचायत सीईओ, जिला एवं जनपद पंचायत समन्वयक, तकनीकी सहायक, सहायक परियोजना अधिकारी (मनरेगा), कार्यक्रम अधिकारी सहित मैदानी अमले के अधिकारी उपस्थित रहे।


















