सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 जुलाई 2026 (आरएनएस) जिले को मंगलवार से नया पुलिस नेतृत्व मिल गया। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील शर्मा ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) का विधिवत पदभार ग्रहण करते ही जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट रणनीति तय की। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
पदभार संभालने के तुरंत बाद आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी सुनील शर्मा ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित बनाया जाए। थाना स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण करने तथा पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान नए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार एवं वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और गंभीर अपराधों के लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू, एसडीओपी विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस तथा रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
फिलहाल, नए एसपी की पहली समीक्षा बैठक से यह संकेत साफ है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस अब अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर अधिक सक्रिय एवं परिणाममुखी रणनीति पर काम करेगी। बहरहाल, आने वाले दिनों में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ तेज कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

