जांजगीर-चांपा, 26 नवम्बर 2025(आरएनएस ) जिले में संविधान दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया और सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। जिला से लेकर जनपद, नगर पंचायत, नगर पालिका और ग्राम पंचायत स्तर पर भी संविधान दिवस मनाया गया तथा क्विज गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने संविधान की महत्ता और उसके मूल्यों पर अपने विचार साझा करते हुए नागरिकों से कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रियंका सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, इंजीनियर रवि पाण्डेय, श्रीमती प्रतिमा, सीईओ गोकुल रावटे, उप संचालक पंचायत अभिमन्यु साहू सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि भारत का संविधान हमें एकता के सूत्र में बांधता है और इस पर हम सबको गर्व है। संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार देने के साथ ही कर्तव्यों के पालन की प्रेरणा भी दी है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक कर्तव्यों को निभाते हुए देश की एकता, अखंडता और समरसता के साथ आगे बढ़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू ने कहा कि संविधान ने समाज में समानता और न्यायपूर्ण वातावरण स्थापित किया है तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया है। जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव ने संविधान को राष्ट्र की आत्मा बताते हुए कहा कि यह हमारे लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है और अधिकारों व मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की राह दिखाता है। इस दौरान इंजीनियर रवि पाण्डेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। जिले में वाद-विवाद, चर्चा और क्विज जैसी विभिन्न गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।


















