हरिद्वार,27 नवंबर (आरएनएस)। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर कुंभ मेला प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह बैरागी कैंप स्थित अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़े पहुंचीं। यहां अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत राजेंद्र दास महाराज सहित बैरागी संतों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कुंभ मेले की व्यवस्थाओं और बैरागी अखाड़ों की आवश्यकताओं पर चर्चा हुई। श्रीमहंत राजेंद्र दास महाराज ने कहा कि कुंभ मेले के इतिहास में पहली बार किसी महिला को मेलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मातृशक्ति अभियान को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि तीनों वैष्णव अनी अखाड़े इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड सरकार के आभारी हैं। उन्होंने मांग उठाई कि बैरागी संतों के लिए स्थायी संत निवास निर्माण को ध्यान में रखते हुए सरकार को स्थाई लीज पर जमीन उपलब्ध करानी चाहिए, जिससे हर कुंभ में होने वाली अव्यवस्थाओं से मुक्ति मिल सके। महंत रघुवीर दास और महंत बिहारी शरण महाराज ने कहा कि कुंभ मेला भारतीय संस्कृति का सबसे बड़ा आध्यात्मिक महापर्व है, जिसकी विश्वभर में अनोखी पहचान है। ऐसे में बैरागी संतों के लिए मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए दिव्य और भव्य व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। सभी कार्य समय से और स्थायी रूप से किए जाएं ताकि भविष्य में परेशानियों का सामना न करना पड़े। महंत सूरज दास महाराज ने महिला मेलाधिकारी पर भरोसा जताते हुए कहा कि सोनिका सिंह के नेतृत्व में कुंभ की व्यवस्थाएं समय पर और प्रभावी ढंग से पूरी होंगी तथा यह मेला ऐतिहासिक रूप से संपन्न होगा। मेलाधिकारी सोनिका सिंह ने कहा कि सरकार और संतों के समन्वय से कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इस दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने भी संतों से वार्ता की। बैठक के दौरान महंत रामेंद्र बिहारी दास, अंकित शरण और पुजारी अमित दास भी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

