देहरादून,27 नवंबर (आरएनएस)। बलभद्र खलंगा विकास समिति की ओर से 30 नवंबर को 51 वां खलंगा मेला नालापानी के सागरताल में धूमधाम से मनाएगा। इस बार के खलंगा मेले में पर्यावरण संरक्षण, संवर्द्धन के संदेश के लिए खलंगा बहादुरी साइकिल रैली, चंद्रयानी मंदिर में पूजन हवन के साथ ही सागरताल में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मेले में हजारों लोग जुटेंगे। मेले का शुभारंभ विधानसभाध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी करेंगी। गुरुवार को प्रेस क्लब में समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह थापा, मुख्य सचिव प्रभा शाह, गोरखाली सुधार सभा अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि खलंगा मेला की शुरुआत 29 नवंबर को युद्ध स्मारक सहस्त्रधारा रोड में खलंगा के वीरों को श्रद्धांजलि के साथ होगी। खलंगा मेले में स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता के संदेश के साथ खलंगा बहादुर साइकिल रैली निकाली जाएगी। यह रैली खलंगा युद्ध स्मारक कीर्ति स्तंभ सागर ताल तक जाएगी। श्री चंद्रायनी माता मंदिर नालापानी में पूजन हवन, कीर्तन, भंडारा होगा। रविवार 30 नवंबर को खलंगा मेले कि भव्य शुरुआत सागरताल में साल के घने जंगल के बीच होगी। जिसमें 1814-16 में आंग्ल-गोरखा युद्ध के इतिहास का विस्तृत वर्णन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों से आए गोरखाली सांस्कृतिक दल वीरता का प्रतीक खुखरी नृत्य, गोरखाली नौ वाद्य यंत्र नौमती बाजा, नेपाली लोकगीत-नृत्यों की प्रस्तुति देंगे। लजीज गोरखाली व्यंजन, गोरखाली परिधान, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रेसवार्ता में आयोजन समिति उपाध्यक्ष विनय गुरूंग, सांस्कृतिक सचिव कै. वाईबी थापा, सहसचिव केबी कार्की, कोषाध्यक्ष महेश भूषाल, संजय थापा, अशोक वल्लभ शर्मा, शेर जंग राना, सूरज थापा, डम्मर थापा, मणिलाल गिरि मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

