देहरादून,27 नवंबर (आरएनएस)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता रायपुर में आयोजित युवा संसद में छात्र-छात्राओं ने संसद की कार्रवाई के बारे में बारीकी से जाना। युवा संसद कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज प्राचार्य प्रो. विनोद प्रकाश अग्रवाल, मालदेवता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश मैठाणी और प्रो .संजीव सैनी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। नोडल अधिकारी रीना ने युवा संसद व संविधान दिवस का महत्व बताया। मार्शल की उद्घोषणा के साथ अध्यक्ष आंचल चौहान ने सदन की कार्यवाही शुरू की। सदन ने सबसे पहले पूर्व सांसद व अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके बाद नई सांसद सुहानी और तनु रौथाण को शपथ दिलाई गई तथा प्रधानमंत्री बने नीरज सेमवाल ने दो नए मंत्रियों कृष्णकांत और अमन सुंदरियाल का परिचय कराया। प्रश्नकाल में विद्यार्थियों ने नई शिक्षा नीति, मतदाता सूची में नाम जोडऩे और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए। शिक्षा मंत्री तनीषा गुसाईं, विधि मंत्री कृष्णकांत और गृह मंत्री जैद मलिक ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत जवाब दिए। सदन में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस रिपोर्ट और कैग रिपोर्ट से जुड़ी सरकारी कार्रवाई भी प्रस्तुत की गई। साथ ही खाद्य मिलावट के मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा गया, जिसके बाद उपभोक्ता मामलों के मंत्री ने आवश्यक जानकारी दी। रेलवे में महिला सुरक्षा पर अल्पकालिक चर्चा हुई और मानव स्वास्थ्य संशोधन विधेयक सदन ने बहुमत से पारित किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

