भोपाल,27 नवंबर (आरएनएस)।एमपी यूथ कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेशभर से भोपाल आए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर एसआईआर के विरोध किया। वे जुलूस की शक्ल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ऑफिस का घेराव करने निकले,आगे बढऩे को लेकर पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव भी हुआ। कार्यकर्ता बैरिकेट पर चढ़कर आगे बढऩे का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने वॉटर कैनन से पानी की तेज बौछार फेंककर उन्हें रोक दिया। इस दौरान वाटर कैनन चलने के कारण कई कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड से गिरते हुए भी नजर आए।
उससे पहले यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया।
कांग्रेस कार्यालय के सामने हुई सभा में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रदेश अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया आदि ने प्रदेश भर से आए कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए देश की मोदी और प्रदेश की मोहन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में युवाओं से लोगो के वोट की रक्षा करने के लिए आवाज उठाने का आव्हान किया साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर लड़ाई को तैयार रहने की अपील की।
सभा खत्म होने के बाद कांग्रेसियों ने घेराव के लिए पीसीसी से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के लिए कूच किया। घेराव के दौरान यूथ कांग्रेसी द्वारा पहनी गई प्रिंटेड टीशर्ट आकर्षण का केंद्र रही। इन टीशर्ट पर वोट चोर, गद्दी छोड़, ईसीआई द्वारा प्रस्तुत महाराष्ट्र, बिहार,हरियाणा चुनाव रिजल्ट, मोदी-ज्ञानेश की फिर हेराफेरी जैसी बातें अंकित की गई थी।
इस मौके पर वोट चोर गद्दी छोड़ जैसे नारे और तख्तियां लिए युवा कांग्रेसी वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में घेराव करने के लिए आगे बढ़े लेकिन व्यापम चौराहे के समीप ही पुलिस ने उन्हें बैरीकेटिंग कर रोक लिया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और बैरीकेटिंग पर चढ़कर आगे बढऩे का प्रयास किया। पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को खदेडऩे के लिए वाटर कैनन का प्रयोग शुरू कर दिया।
उसके बाद भी कांग्रेसियों के हौसले पस्त नही हुए। वह पुलिस के वाटर कैनन को मात देकर लगातार आगे बढऩे का प्रयास करते रहे। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेडऩा शुरू किया। हालांकि इनमें किसी को चोट नहीं आई है। इससे कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया और वे बैरिकेटिंग को तोडऩे का प्रयास करने लगे तभी पुलिस यश घनघोरिया को गिरफ्तार करने के लिए आगे बढ़ी तो कार्यकर्त्ता आक्रोशित हो गए। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के साथ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमीशन आज निष्पक्ष नहीं होकर बीजेपी का दलाल बनकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के यूथ कार्यकर्ताओं को आज इसकी लड़ाई लडऩी है।
यश ने कहा कि एसआईआर फार्म अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें इस बात का ध्यान कार्यकर्ताओं को शहर से लेकर गांव की गलियों तक रखना है। ताकि संबंधित व्यक्ति का वोट अधिकार न छीना जाए। यश ने कहा कि युवाओं के कारण ही हमेशा क्रांति आती है, इसका इतिहास भी गवाह रहा है।
यश घनघोरिया ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान से छेड़छाड़ कर वोट की चोरी की जा रही है। पूरे देश में आज के समय मतदाताओं का वोट खतरे में है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संविधान की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उसके बावजूद वोट चोरी के लिए भाजपा सभी हथकंडे अपना रही है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा ये सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं है। आम वोटर की लड़ाई है, जिसकी आवाज को बंद किया जा रहा है। कुणाल कामरा अपना शो चलाता है वह कमेंट करता है तो उसके पूरे स्टूडियो को खत्म कर दिया जाता है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु बोले-जब हमें आजादी मिली, तभी पाकिस्तान को भी मिली और आज हम कहां हैं और पाकिस्तान कहां है। इसका एक ही कारण था। कांग्रेस ने देश के लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने दिया और नरेंद्र मोदी देश के लोकतंत्र को कमजोर करके सबसे बड़ा देश द्रोह कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- विधानसभा में जब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोलते हैं और 10 दिन विधानसभा चलती है तो मोहन यादव डर के मारे एक दिन आते हैं। उमंग जी का डर, विधायकों का डर, कांग्रेस के फौजियों का डर है मोहन यादव शुरू दिन आएंगे और भाषण देने वाले दिन आएंगे। सामना नहीं कर पाएंगे।

