बैहर 22 जून (आरएनएस)। नगर परिषद बैहर में शनिवार को उपयोगिता जल प्रबंधन परियोजना के भूमि पूजन एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में परियोजना का भूमि पूजन संपन्न हुआ तथा आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में सांसद श्रीमती भारती पारधी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है तथा जनकल्याण शिविर इसी उद्देश्य की पूर्ति का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती यशवंती गुड्डा मरकाम, सांसद प्रतिनिधि बैहर श्री सुरेंद्र गुड्डा मरकाम, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत नेताम, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री अर्पित गुप्ता, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री एस.आर. धुर्वे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुश्री अनुपमा मरावी, कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती कल्पना पंद्रे, सुश्री प्रज्ञा राठवे, श्रीमती आयुषी नंदा सहित कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के करकमलों से ग्राम पिपरिया एवं ग्राम गोवारी के किसानों को अरहर एवं धान के बीजों का वितरण भी किया गया। किसानों ने बीज वितरण एवं शासन की कृषि हितैषी योजनाओं के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए सभी विभागों के समन्वित प्रयासों पर बल देते हुए आमजन से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

