भोपाल,27 नवंबर (आरएनएस)। जनसंपर्क मुख्यालय के अफसरों ने गुरुवार को मोहन सरकार के द्वारा जनसंपर्क में पदस्थ किए गए राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के खिलाफ बगावत कर काम बंद हड़ताल कर दी है। डायरेक्ट्रेट के बाहर नारेबाजी कर काम बंद कर चुके जनसंपर्क के अधिकारियों ने कहा है कि जब तक सरकार अपने फैसले को वापस नहीं लेगी तब तक काम बंद रखा जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने कल जनसंपर्क विभाग में दो नई पदस्थापना के आदेश जारी किए थे। पहला आदेश जनसंपर्क आयुक्त रह चुके अनुपम राजन को विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाए जाने का अतिरिक्त प्रभार संबंधी था तो दूसरा आदेश राज्य प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी गणेश जायसवाल की पदस्थापना का था।
उपसचिव जीएडी कार्मिक अर्चना सोलंकी द्वारा जारी आदेश में गणेश जायसवाल जो अभी नर्मदापुरम संभाग में उपायुक्त राजस्व के पद पर हैं उन्हें जनसंपर्क संचालनालय में अपर संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है। इस आदेश के बाद जनसंपर्क अधिकारी कर्मचारी विरोध में आ गए और आज सुबह से काम बंद कर दिया है।
इनका कहना है कि विरोध के चलते सरकार ने गणेश जायसवाल की रिलीविंग रोक दी है, लेकिन अभी आदेश निरस्त नहीं हुआ है। इसलिए जब तक राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी जायसवाल की रिलीविंग नहीं रुकती है तब तक काम बंद हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल कर रहे अफसरों-कर्मचारियों ने कर्मचारी अधिकारी एकता जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
सरकार की आंख नाक कान के रूप में काम करने वाले इस विभाग के अफसरों की हड़ताल इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि विभाग के मंत्री खुद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव हैं। विरोध के पीछे मुख्य वजह जनसंपर्क विभाग में दूसरे विभाग का दखल रोकना है। अभी इस विभाग में आईएएस अफसरों के अलावा दूसरे विभागों के अधिकारी पदस्थ नहीं हैं। जायसवाल की पोस्टिंग से जनसंपर्क विभाग के अधिकारी का ही अधिकार छिनेगा, इसलिए यह विरोध हो रहा है।

