राजगढ़,27 नवंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरूवार को राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ के होटल सोनाकुंज में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आयोजित जिला कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं था। कांग्रेस आजादी के आंदोलन के समय एक अंग्रेज द्वारा बनाया गया एक मंच था, जिसमें सभी विचारधारा के लोग शामिल होकर देश को आजाद कराने का कार्य कर रहे थे। देश के आजाद होने के बाद महात्मा गांधी कांग्रेस को समाप्त करना चाहते थे, लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने सत्ता के लिए इसका उपयोग किया। नेहरू परिवार आज भी इसका उपयोग सत्ता के लिए कर रहा है, जबकि कांग्रेस की अपनी कोई विचारधारा ही नहीं है। भारतीय जनता पार्टी अपने गठन के समय से लेकर आज तक एक विचारधारा को लेकर आगे बढ़ रही है। भाजपा ने अपने विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। कार्यकर्ता आधारित भाजपा संगठन आज भी अपनी विचाधारा पर अडिग है। एसआईआर प्रक्रिया मतदाता सूची के शुद्धिकरण और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए आवश्यक है। एसआईआर का विरोध करने वाले कांग्रेस नेता बताएं कि देश में एसआईआर की शुरूआत कराने वाले जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी क्या गलत थे। पार्टी के सभी कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया में मतदाताओं का सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से न कटने पाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने जिला कोर ग्रुप की बैठक को भी संबोधित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस पूरे देश में फैली हुई थी। हर तरफ कांग्रेस को बोलबाला था, लेकिन कांग्रेस की कोई विचारधारा न तो पहले थी और न ही आज है। राष्ट्र प्रथम की भावना और विचारधारा के साथ वर्ष 1952 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने जब जनसंघ की स्थापना की, उसके बाद से कांग्रेस का अस्तित्व कम होने लगा। आज स्थिति यह बन गई है कि अपनी विचारधारा को लेकर कभी समझौता नहीं करने के कारण भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में अपना विशिष्ट स्थान बनाकर जनता की सेवा कर रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी की कोई विचारधारा नहीं होने के कारण कांग्रेस आज मध्यप्रदेश सहित देश भर में पूरी तरह से समाप्ति की ओर तेजी से बढ़ रही है। कांग्रेस पार्टी एक परिवारवादी पार्टी है, जबकि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया को पहली बार नहीं करा रहा है। हर 20-25 वर्षों में एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई जाती है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के समय में भी एसआईआर किया गया था। आज एसआईआर का विरोध करने वाले कांग्रेस नेता बताएं कि जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के समय में किया गया एसआईआर क्या गलत था। क्या नेहरू और इंदिरा गांधी ने एसआईआर कराकर गलत किया था। हकीकत यह है कि कांग्रेस पार्टी ने देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। कांग्रेस पार्टी पर जनता अब विश्वास नहीं करती, इसलिए कांग्रेस लगातार चुनाव हारती जा रही है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता चुनावों में मिल रही लगातार हार और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए एसआईआर का विरोध कर रहे हैं। सभी राजनीतिक दलों को मिलकर एसआईआर का स्वागत करना चाहिए, क्योंकि मजबूत लोकतंत्र के लिए पूरी तरह से पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया आवश्यक है। पारदर्शी चुनाव और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए एसआईआर कराया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आजादी के बाद अगर देश के पहले प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल होते तो भारत आज अमेरिका और चीन से आगे खड़ा होता। आजादी के बाद देश की छोटी-छोटी रियासतों को लेकर भारत को एक करने में सरदार वल्लभभाई पटेल की अहम भूमिका थी। लेकिन कांग्रेस की कोई विचारधारा नहीं होने के कारण व्यक्तिवादी पार्टी बन गई। जिसका परिणाम यह हुआ कि सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे विराट व्यक्तित्व और अद्वितीय प्रतिभा के धनी राजनेता को भी महत्व नहीं दिया गया। सरदार पटेल ने जिस भारत का सपना देखा था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी उसे पूरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी भारत को वैश्विक महाशक्ति और विश्व गुरू बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी जैसे नेतृत्वकर्ता भारत का नेतृत्व करते रहें, इसके लिए भाजपा संगठन को और मजबूत करना है। इसलिए हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलकर पार्टी संगठन को इतना मजबूत बनाएं कि वर्षों तक भाजपा सत्ता में रहे और देश विश्व गुरू बन सके। देश को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने के लिए भाजपा की सरकारें आवश्यक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। आने वाले वर्षों में भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल का राजगढ़ की सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पीलूखेड़ी से लेकर कुरावर होते हुए नरसिंहगढ़ तक जगह-जगह स्वागत किया। कार्यकर्ता, सरपंचगण, स्थानीय जनता ने जगह-जगह मंच बनाकर प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। जेसीबी से भी पुष्पवर्षा की गई।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री अमित शर्मा ने किया एवं आभार विधायक मोहन शर्मा ने माना। बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह पंवार, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, सांसद रोडमल नागर, विधायक हजारीलाल दांगी, अमर सिंह यादव, जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, जिला प्रभारी गजेन्द्र सिंह, एसआईआर प्रभारी निर्मल जैन, पूर्व जिला अध्यक्ष केदार काका, दीपेंद्र सिंह चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

