सीहोर,27 नवंबर (आरएनएस)। जिले के कोठरी स्थित वीआईटी कॉलेज में हाल ही में विद्यार्थियों द्वारा भोजन, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर उठाई गई शिकायतों और उत्पन्न स्थिति को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर आज वीआईटी कॉलेज परिसर पहुंचीं।
प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कॉलेज प्रबंधन, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर घटना के बारे में विस्तार से चर्चा की। मंत्री कृष्णा गौर ने कॉलेज प्रबंधन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलेज में एक स्थायी शिकायत निवारण तंत्र विकसित किया जाए, जिसमें विद्यार्थियों की भागीदारी भी हो, ताकि किसी भी समस्या की सूचना सीधे प्रशासन तक पहुंचे और उसका समय पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि इस घटना को गंभीर चेतावनी के रूप में लेते हुए भविष्य में ऐसी किसी भी परिस्थिति की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधितों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कॉलेज में संचालित मेस, रसोईघर, पेयजल स्त्रोत, स्टोरेज टैंक, शौचालय एवं छात्रावास परिसर की सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कॉलेज से लिए गए भोजन एवं पानी के सैंपलों की जांच प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा किया जाए और रिपोर्ट आते ही दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्थाओं में लापरवाही यदि दोहराई गई तो शासन स्तर पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि कॉलेज में तत्काल प्रभाव से मेस और जल आपूर्ति व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग शुरू की जाए, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि रसोईघर, भोजन भंडारण स्थल और जल टंकियों की नियमित सफाई एवं सैनिटाइजेशन का प्रोटोकॉल तैयार कर उसका कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने छात्रावासों की व्यवस्था में सुधार के लिए अलग से एक निरीक्षण दल गठित करने, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति अनिवार्य करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने बीएमओ एवं मेडिकल स्टाफ को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की जाए और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में कॉलेज परिसर में शांति एवं सामान्य स्थिति बनी हुई है। बैठक के पश्चात मंत्री गौर ने वीआईटी कॉलेज के विद्यार्थियों से भेंटकर कॉलेज की व्यवस्थाओं और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली और छात्रों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी हर समस्या के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी हर समस्या का निराकरण किया जाएगा।
बैठक में सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजिनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, कलेक्टर बालागुरू के., एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने कॉलेज प्रबंधन को कॉलेज की व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। बैठक में आष्टा एसडीएम नितिन टाले, एसडीओपी आकाश अमलकर, वीआईटी कॉलेज के केके नायर, देवाशीष अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित थे।

