सीहोर,27 नवंबर (आरएनएस)।सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित कन्या शिक्षा परिसर, सीहोर में संविधान दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात भारत के संविधान की पुस्तक पर अतिथियों द्वारा पुष्प अर्पित कर, सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के उप प्रबंधक संदीप मौर्य उपस्थित रहे। प्राचार्य लोकेश बहादुर सिंह ने भारत के संविधान की विशेषताओं, नागरिकों के मूल अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए छात्राओं को संविधान के महत्व से अवगत कराया। बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से संविधान की समृद्धि, महत्ता और देश निर्माण में इसकी भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रतिपादित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों द्वारा संविधान की शपथ ग्रहण की गई तथा राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया। सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित कन्या शिक्षा परिसर में आयोजित यह आयोजन न केवल छात्राओं में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाता है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देता है।

