श्योपुर,27 नवंबर (आरएनएस)।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में किसान हितैषी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार किसानों से किए वादों को पूरा कर रही है। राज्य के किसानों को भावांतर योजना के माध्यम से फसलों का उचित लाभ दिया जा रहा है। अब तक 32 जिलों के सोयाबीन उत्पादक किसानों को भावान्तर योजना की राशि दी गई है। साथ ही प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई भी की जा रही है। हमारी सरकार किसानों के सुख-दु:ख में हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और नदी जोड़ो अभियान की सौगात दी थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्योपुर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्योपुर से प्राकृतिक आपदा प्रभावित 6 जिलों के किसानों को 238 करोड़ से अधिक राहत राशि का अंतरण किया। इनमें श्योपुर, हरदा, खंडवा, विदिशा, धार और नर्मदापुरम के 3 लाख से अधिक किसान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य सरकार द्वारा किसानों को 16 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से मुआवजा राशि दी जा रही है। यह राशि पहले कांग्रेस सरकारों में मात्र 3 हजार रुपए होती थी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में पहली बार किसानों को सम्मान निधि देने की शुरुआत की है। कांग्रेस की सरकारों ने कभी किसानों के परिश्रम का सम्मान नहीं किया। हमारे लिए तो सीमा पर जवान और खेतों में किसान, दोनों बराबर हैं।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को श्योपुर जिले के बड़ौदा में किसानों को आपदा राशि अंतरित की तथा जिले को 41 करोड़ रुपए लागत के 7 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब श्योपुर को आयुष और नर्सिंग महाविद्यालय की सौगात भी मिल रही है। हमारी सरकार प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए 1 दिसंबर को धूमधाम से गीता जयंती मनाएगी। बड़ौदा तहसील में भव्य गीता भवन भी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि श्योपुर के 428 गांवों के एक लाख से अधिक किसानों को धान फसल के नुकसान का लगभग 101 करोड़, हरदा जिले के 95 हजार से अधिक किसानों को सोयाबीन फसल का 71 करोड़ 52 लाख की राशि दी गई। राज्य सरकार विदिशा के 51 हजार किसानों को भी सोयाबीन और उड़द फसल के नुकसान की भरपाई कर रही है। इसी प्रकार नर्मदापुरम के 273 गांव, धार जिले के 145 गांवों के किसानों को भी राहत राशि मिली है। वहीं, खंडवा जिले के लगभग 13 हजार किसानों को सोयाबीन में पीला मोजैक से हुए नुकसान के लिए मुआवजा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व उज्जैन, शाजापुर, ग्वालियर के किसानों को आपदा राहत राशि दी गई है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में आज किसान हितैषी सरकार चल रही है। सरकार की इन्हीं नीतियों के कारण अब श्योपुर में भी धान की पैदावार हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्योगों के साथ खेती को भी बढ़ावा दे रहे हैं। प्रदेश के विकास में कृषि की अहम भूमिका है। कार्यक्रम में श्योपुर के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत भी उपस्थित थे।

