बिलासपुर 28नवंबर 2025(आरएनएस) सरकंडा पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों कां खुलासा करते हुए तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो युवक शामिल हैं, जिन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सीएमएचओ ऑफिस कैंपस में रहने वाले अमरु साहू सिम्स में रेडियोग्राफर हैं। 19 अक्टूबर को वे गांव गए थे। 21 अक्टूबर को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और सोने-चांदी के जेवर समेत अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका है। इसी तरह कन्हैया लाल चौबे ने अपने निर्माणाधीन मकान से मशीनरी चोरी होने की शिकायत की थी। वहीं मोहम्मद खालिद ने एसी के कापर पाइप और ट्रांसफार्मर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि निर्माणाधीन मकान के पास रहने वाला सुमित सिंह ठाकुर वाइब्रेटर मशीन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। संदेह होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। थाने में कड़ी पूछताछ के दौरान सुमित ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी नरेंद्र ठाकुर और तीन नाबालिगों के साथ मिलकर कन्हैया लाल चौबे के निर्माणाधीन मकान में चोरी की थी। बाद में उन्होंने अमरु साहू के घर में भी चोरी को अंजाम दिया था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

