शिवरीनारायण 29 नवंबर 2025(आरएनएस) नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नगर पंचायत की टीम प्रतिदिन लोगों और दुकानदारों को प्लास्टिक थैलों का उपयोग न करने और न ही इसकी बिक्री करने की अपील कर रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत ने बताया कि शिवरीनारायण में अब प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। उन्होंने कहा — “प्लास्टिक से होने वाला पर्यावरणीय नुकसान किसी से छिपा नहीं है। हमारा लक्ष्य है कि शिवरीनारायण को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त नगर बनाया जाए। इसके लिए नगर पंचायत के कर्मचारी लगातार लोगों को वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने और प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।”
नगर पंचायत ने सभी दुकानदारों से अनुरोध किया है कि वे ग्राहकों को कपड़े या कागज के थैले उपलब्ध कराएँ और प्रतिबंध का पूर्ण सहयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू होने के बाद नगर पंचायत उम्मीद कर रही है कि नागरिकों के सहयोग से शिवरीनारायण जल्द ही स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण हितैषी नगर के रूप में पहचान बनाएगा।


















