जांजगीर-चांपा 29 नवंबर 2025(आरएनएस) जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आमजन को एक महत्वपूर्ण संदेश जारी करते हुए कहा है कि “कम समय में ज़्यादा पैसा देने वाले हर वादे में सिर्फ धोखा छिपा होता है।”
एसपी पाण्डेय ने शेयर बाज़ार, ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म और “पैसा डबल” करने का दावा करने वाले गिरोहों से सावधान रहने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जिले में कई लोग तेज़ मुनाफे के लालच में अपनी मेहनत की कमाई गँवा बैठे हैं। कुछ लोग तो कर्ज लेकर निवेश कर देते हैं और बाद में ठगे जाने पर आर्थिक संकट में फंस जाते हैं।
एसपी पाण्डेय ने बताया कि अपराधी मीठी बातों और बड़े रिटर्न का लालच देकर लोगों को जाल में फंसा लेते हैं और पैसे लेकर फरार हो जाते हैं। ऐसे मामलों में शिकायतकर्ता अक्सर देर से सामने आते हैं, जिससे कार्रवाई और भी कठिन हो जाती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि—
- किसी भी “पैसा डबल” या “जल्दी अमीर बनने” वाली स्कीम पर तुरंत भरोसा न करें।
- किसी भी निवेश संबंधी प्रस्ताव की पहले अपने जानकारों, बैंकिंग विशेषज्ञों या विश्वसनीय लोगों से जांच कराएं।
- संदिग्ध कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया लिंक तुरंत पुलिस को सूचित करें।
- किसी भी स्थिति में लालच में आकर अपनी जमा पूंजी जोखिम में न डालें।
एसपी ने कहा, “जागरूकता ही सुरक्षित रहने का सबसे मजबूत हथियार है। सतर्क रहें, ठगी से बचें और दूसरों को भी सावधान करें।”


















