रायपुर,01 दिसंबर (आरएनएस)। रांची में वनडे सीरीज़ की जीत से लय पकड़ चुकी भारतीय टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंचेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम भी चार्टर्ड विमान से राजधानी आएगी। अगले दिन यानी 2 दिसंबर को दोपहर 1.30 बजे दक्षिण अफ्रीका और शाम 5.30 बजे भारतीय टीम नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। यहां 3 दिसंबर को सीरीज़ का दूसरा वनडे मुकाबला खेला जाना है।
=पिच और आउटफील्ड तैयार, ओस बनी बड़ी चुनौती=
बीसीसीआई की क्यूरेटर टीम ने मैदान और पिच की कमान अपने हाथ में ले ली है। क्यूरेटर्स के अनुसार रायपुर की आउटफील्ड रांची की तुलना में तेज़ है, क्योंकि यहां नियमित खाद, समय पर सिंचाई और भरपूर धूप ने ग्राउंड को बेहतर बनाया है। पिच बल्लेबाज़ों के अनुकूल बताई जा रही है, लेकिन दूसरे हाफ में ओस गेंदबाज़ों के लिए दिक्कतें बढ़ा सकती है। लक्ष्य की रक्षा करने उतरी टीम को खास चुनौती मिलेगी।
इस बीच राज्य क्रिकेट संघ के क्यूरेटर्स हल्के रोलर से पिच को और बेहतर बनाने में जुटे हैं। रात में ओस से बचाने के लिए पिच को ढका जा रहा है, जबकि दोपहर 2 बजे सेंटर पिच नंबर 5 और 6 पर धूप दी जा रही है।
=टिकट काउंटर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं=
ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शकों को बूढ़ातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम से 2 दिसंबर की शाम तक फिजिकल टिकट मिल सकेंगे। क्रिकेट संघ ने 3 दिसंबर को भीड़ के दबाव को देखते हुए नवा रायपुर रेलवे स्टेशन के पास अस्थायी काउंटर खोलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अब तक मंज़ूरी नहीं मिलने से काउंटर की व्यवस्था को लेकर संशय बना हुआ है।
=स्पाइडर कैम और 40 अल्ट्रा HD कैमरे लगाने का काम जारी=
स्टेडियम में बीसीसीआई की ब्रॉडकास्टिंग टीम ने मैच कवरेज के लिए स्पाइडर कैम स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं मैदान के चारों ओर करीब 40 अल्ट्रा-हाई क्वालिटी कैमरे लगाए जा रहे हैं। विज्ञापन एजेंसियों के बोर्ड भी 1 दिसंबर की सुबह से बाउंड्री के बाहर लगाने शुरू कर दिए गए हैं।
रायपुर में वनडे मुकाबले को लेकर माहौल पूरी तरह क्रिकेट fever में डूब चुका है।


















