भिलाई, 02 दिसंबर (आरएनएस)। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता तथा आयुक्त राजीव कुमार पांडेय की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े कुल 21 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने सामूहिक सहमति देते हुए इन प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।
बैठक में जिन प्रमुख कार्यों को मंजूरी मिली, उनमें जलकार्य विभाग के लिए कुशल, अर्धकुशल और अकुशल श्रमिकों की व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है। इसके साथ ही सार्वजनिक डोम शेड का निर्माण, महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर स्थापित घडिय़ों, फाउंटेन, राष्ट्रीय ध्वज और उद्यानों के रखरखाव जैसे कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। शिवनाथ इंटेकवेल के वार्षिक मेंटेनेंस, पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने हेतु नई पाइपलाइन बिछाने तथा सीवरेज लाइन के नवीनीकरण कार्य को भी हरी झंडी मिली।
इसके अलावा सांस्कृतिक मंच का नाम बदलने, बिजली के खंभों/टावरों पर संपत्तिकर लगाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति, आवंटित भूखंडों पर लीज प्रवेश शुल्क निर्धारण, रिक्त पदों की पूर्ति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने तथा नगरीय निकायों में संशोधित पदसंरचना के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।
निगम क्षेत्र के प्रत्येक भवन और भू-भाग का ड्रोन सर्वे कराने तथा नव निर्मित गारमेंट फैक्ट्री में मशीनरी स्थापित कर उसे पीपीपी मोड पर संचालित करने की सहमति भी बैठक में बनी।
बैठक में महापौर परिषद के सदस्य सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, केशव चौबे, आदित्य सिंह, मन्नान गफ्फार खान, चंद्रशेखर गंवई, मालती ठाकुर, सचिव सह उपायुक्त नरेन्द्र बंजारे, जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, संजय अग्रवाल, अनिल सिंह, अरविंद शर्मा, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, सहायक अभियंता नीतेश मेश्राम, अर्पित बंजारे, बी.एल. असाटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

