जांजगीर-चांपा3 दिसंबर 2025 (आरएनएस) जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के बाजार पारा में रविवार देर शाम चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंदिर के पास बैठकर मोबाइल गेम खेल रहे दो सगे भाई—शिव सोनी (17) और शिवम सोनी (16)—पर नशे में धुत युवक ने अचानक हमला बोल दिया। घटना इतनी तेज हुई कि दोनों भाई संभल भी नहीं पाए और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक जागेश्वर महंत अचानक वहां पहुंचा और बिना किसी विवाद या बात-चीत के अपने पास रखे चाकू से दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। हमले में शिवम सोनी के पेट और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि शिव सोनी के दोनों हाथ बुरी तरह घायल हो गए। शिवम के पेट में चाकू गहराई तक घुसने से उसकी हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, वजह अब भी रहस्य
एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि घटना के बाद फरार हुआ आरोपी जागेश्वर महंत पुलिस की गिरफ्त में है। हमले की असली वजह अभी अज्ञात है। पूछताछ जारी है और मामले में अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इलाके में अचानक हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


















