सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 दिसंबर 2025(आरएनएस) कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने मंगलवार को बरमकेला, साल्हेओना, बरगांव और कंचनपुर में जल आवर्धन और समूह जल प्रदाय योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। मौके पर कई खामियां देखकर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदारों को त्वरित कार्रवाई और काम में रफ़्तार लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बरमकेला में जल शुद्धिकरण टंकी के आसपास फैली गंदगी पर नाराजगी जताई और तत्काल सफाई के साथ चारों ओर अहाता निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टंकी क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित और स्वच्छ होना चाहिए।
शहर के अंदर चल रहे पाइप लाइन बिछाने के कार्य को देखते हुए डॉ. कन्नौजे ने पाइप लाइन बिछाने के बाद उसे मजबूती से कांक्रीटीकरण करने को कहा, ताकि वाहनों और आमजनों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
बरगांव और कंचनपुर में सरिया अमृत मिशन 2.0 और समूह जल प्रदाय योजना के तहत बन रही संरचनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ठेकेदारों को श्रमिक बढ़ाने और गति तेज़ करने के निर्देश दिए। वहीं साल्हेओना में निर्माणाधीन जल शुद्धिकरण संयंत्र को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमाशंकर कश्यप, एसडीओ बी.एल. खरे और सरिया सीएमओ मौजूद रहे।


