दुर्ग, 01 जुलाई (आरएनएस)। भारतमाला सड़क परियोजना के अंतर्गत ग्राम थनौद से जुड़ी लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण मांगों का समाधान होने पर ग्रामीणों और किसानों ने जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर अभिजीत सिंह का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीण कृषकों ने बताया कि आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए अंडरब्रिज की ऊंचाई बढ़ाने जनदर्शन में मांग की जा रही थी, जिसे स्वीकृति प्रदान किया गया। इसके अलावा शिवनाथ नदी-नाले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित पुल (ब्रिज) की लंबाई बढ़ाने की मांग भी पूरी की गई है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ का प्रभाव कम होगा तथा लोगों और किसानों को आवागमन में राहत मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और भविष्य में किसानों एवं आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। मांगों के निराकरण पर ग्रामवासियों और कृषकों अनिल देवांगन, चंद्रकात सिन्हा, देवराज चतुर्वेदी, उमेन्द्र सिन्हा, हुमत धनकर, तारक सिन्हा, धनराज देवांगन ने कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

