हरिद्वार,01 जुलाई(आरएनएस)। कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर में घर के भीतर घुसकर युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने युवक पर चाकू, लोहे के पाइप, टूटी कांच की बोतल और अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गोपाल बस्ती, शनि देव चौक के निकट, जगजीतपुर कनखल निवासी राहुल कुमार ने शिकायत कर बताया कि घटना 29 जून की रात की है, जब वह घर के अंदर खाट पर बैठकर खाना खा रहे थे। आरोप है कि गुरजीत, रोहित एवं अक्षय और अभिषेक निवासी ग्राम सिकंदरपुर, थाना खानपुर अपने सात-आठ अन्य साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर जबरन उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।आरोप है कि गुरजीत ने जान से मारने की नीयत से चाकू से सिर और पेट पर वार किया। रोहित ने टूटी हुई कांच की बोतल से हमला किया, जबकि अक्षय ने लोहे के पाइप से चेहरे पर वार कर उसके दांत तोड़ दिए। आरोप है कि अभिषेक ने धारदार पाटल से हाथ पर हमला किया, जिससे दाहिने हाथ की पहली अंगुली के पास गंभीर चोट आई। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से भी मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

