भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग बड़ी संख्या में पीडीए समाज के मत काट रहा है- संदीप यादव
प्रयागराज 5 दिसंबर (आरएनएस)। शहर उत्तरी विधानसभा में सपा नेता पीडीए प्रहरी बनकर ई-रिक्शा से घर-घर जाकर एसआईआर के लिए मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बिहार की तरह यूपी में भी बड़ी संख्या में पीडीए समाज के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिश हो रही है। ऐसे मे सपा नेताओं ने प्रहरी बनकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।
सपा नेता संदीप यादव ने बताया कि ई-रिक्शा से मोहल्लों में पहुंचने का मकसद सीधा है। लोगों तक जल्दी पहुंचना, उन्हें जागरूक करना और एसआईआर फॉर्म भरवाकर उनके वोट सुरक्षित करवाना। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग बड़ी संख्या में पीडीए समाज के मत काट रहा है जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत वोट है। जब उसी को ही काटने की साजिश हो रही है तो हमारा कर्तव्य है कि जनता को सचेत करें। समय बहुत कम दिया गया है। प्रक्रिया भारी है और लोग अभी भी इसे समझ नहीं पा रहे। इसलिए हम ई-रिक्शा लेकर मोहल्लों में घूम रहे हैं, ताकि हर मतदाता तक पहुंच सकें।
श्री यादव ने बीएलओ तैनाती और कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनके मुताबिक सरकार ने बिना पर्याप्त ट्रेनिंग दिए बीएलओ को मैदान में उतार दिया है। कई जगहों पर आरएसएस से जुड़े लोगों को बीएलओ बनने की शिकायतें भी मिल रही हैं। दारागंज में कई लोगों ने शिकायत की कि बीएलओ उनके फॉर्म जमा ही नहीं कर रहे। कुछ को खुद फॉर्म भरना नहीं आता। कई बीएलओ अपने बेटों या परिवारवालों से फॉर्म भरवा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

