प्रयागराज 5 दिसंबर (आरएनएस)। मऊआइमा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पहले से दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़े ट्रक में पीछे से कंटेनर घुस गया। टक्कर में कंटेनर के ड्राइवर विकास पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
ज्ञात हो कि मऊआइमा थाना क्षेत्र के सकरा मऊ अमानगंज गांव के पास दो दिन पहले एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया था और भारी माल लदा होने के कारण हाईवे पर ही खड़ा था। गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कंटेनर इसी खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर विकास पांडे उसमें फंस गए।
स्थानीय लोगों की मदद से विकास पांडे को बाहर निकाला गया। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। कंटेनर का केबिन बुरी तरह चपटा होने के कारण बचाव कार्य में देरी हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि दुर्घटना का शिकार दोनों वाहन एक ही ट्रांसपोर्टर के हैं। मृतक विकास पांडेय बस्ती जिले के रहने वाले थे। शव को मर्चुरी भेजकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

